सरगुजा/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेयरी फॉर्म के पास शनिवार सुबह 48 वर्षीय बबलू मंडल का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक के गले और छाती पर चाकू के कई गहरे वार पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसकी बेहद नृशंस तरीके से हत्या की गई है। बबलू मंडल सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2 का निवासी था और शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घर से निकला था, लेकिन फिर कभी लौटकर नहीं आया।
🩸 रात में हुआ विवाद, सुबह मिली लाश
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात बबलू मंडल का एक युवती और दो युवकों के साथ जोरदार विवाद हुआ था। मृतक के बेटे ने बताया कि ये लोग अक्सर उसके पिता से झगड़ा करते थे। परिवार को आशंका है कि इसी विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई।
🎥 CCTV में दिखी संदिग्ध युवती
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध युवती फुटेज में कैद हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो अन्य आरोपी युवक फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
👮♂️ मौके पर CSP और फॉरेंसिक टीम…

घटना की सूचना मिलते ही CSP, गांधीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और पुराने CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
🚨 कानून-व्यवस्था पर सवाल…
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों ने न्याय के साथ-साथ सुरक्षा की भी मांग की है।
🗣️ SP का बयान …
एसपी ने कहा है कि,“हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से CCTV फुटेज या किसी भी तरह की जानकारी साझा करने की अपील की है।
यह घटना सरगुजा में बढ़ते अपराधों की एक और खतरनाक तस्वीर पेश करती है, जहां बीते वर्ष कई चाकूबाजी और हत्या के मामले सामने आ चुके हैं।













