SURGUJA TIMES - Laborers rescued: महाराष्ट्र से अंबिकापुर लौटने के बाद चेहरे पर दिखा सुकून, मजदूरों ने वापस लाने के लिए प्रशासन का जतायाआभार, ठेकेदार द्वारा मोबाइल छीनकर रख लिया गया था, 6 मजदूरों के साथ की गई थी मारपीट

अंबिकापुर. Laborers Rescued: सरगुजा जिले के सीतापुर व लुंड्रा क्षेत्र से 19 मजदूरों का सौदा एक व्यक्ति द्वारा महाराष्ट्र के बीड़ जिले में कर दिया गया था। मजदूरों को मजदूरी के बदले अच्छा पैसा दिलाने का लालच दिया गया था। महाराष्ट्र में ठेकेदार द्वारा सभी मजदूरों के मोबाइल छीन लिए गए थे तथा उन्हें बंधक बना लिया गया था। इस मामले में मजदूरों के परिजनों ने प्रशासन से उन्हें मुक्त कराने की गुहार लगाई गई थी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कलक्टर ने एक टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजा। टीम द्वारा वहां बंधक बनाकर रखे गए जिले के 19 श्रमिकों को मुक्त कराया गया। गुरुवार को उन्हें अंबिकापुर लाया गया। सकुशल वापसी पर श्रमिकों चेहरे खिल उठे। घर वापसी कराने पर उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि सरगुजा के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नकना के 13 मजदूर और लुंड्रा थाना क्षेत्र के बरगीडीह के 6 मजदूरों को काम दिलाने के बहाने महाराष्ट्र में बंधक बनाया गया था। गन्ना काटने और ज्यादा मजदूरी राशि दिलाने का लालच देकर 19 श्रमिकों को महाराष्ट्र ले जाने के पीछे सरगुजा के ही लुंड्रा थाना क्षेत्र के बरगीडीह निवासी पुष्पनंद गिरी का नाम सामने आया था।
वह सरगुजा क्षेत्र के भोले-भाले युवकों को मजदूरी दिलाने के नाम पर महाराष्ट्र के बीड़ ले गया, फिर यहां उनका सौदा कर राशि लेकर फरार हो गया। इससे 19 मजदूर डर के साए में पिछले एक महीने से कार्य करने को विवश थे।
उन्हें छुड़वाने पीडि़त मजदूर के परिजनों ने प्रशासन से आग्रह किया था। परिजनों ने बताया था कि महाराष्ट्र में ठेकेदार द्वारा उनकी मोबाइल छीन ली गई है तथा 6 श्रमिकों के साथ मारपीट भी की गई है।
💬 पाठकों की राय (0)
सभ्य भाषा का प्रयोग करें।