अम्बिकापुर 06 जुलाई 2024/ वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, आर्थिक, सांख्यिकी विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई जहां सांसद श्री चिंतामणि महाराज, विधायक अंबिकापुर श्री राजेश अग्रवाल, विधायक लुण्ड्रा श्री प्रबोध मिंज और विधायक सीतापुर श्री रामकुमार टोप्पो, कलेक्टर श्री विलास भोसकर, एसपी श्री योगेश पटेल, वनमण्डलाधिकारी श्री तेजस शेखर, सीईओ जिला पंचायत श्री नूतन कंवर सहित, अपर कलेक्टर श्री एएल ध्रुव उपस्थित रहे।

बैठक में जिले की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरगुजा के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय हो। सभी के समन्वित प्रयास से जिले के बेहतर विकास की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने सरगुजा में ऐसे 10 बड़े प्रोजेक्ट चिन्हांकित करने के निर्देश कलेक्टर श्री भोसकर को दिए, जो सरगुजा जिले की पहचान बन सके और आमजन को लंबे समय तक इनका लाभ मिलता रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्पोर्ट्स, पर्यावरण सौंदर्यीकरण, सड़क, शहरी विकास, रोजगार आदि से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट चिन्हांकित करें, और इन्हें डीएमएफ, सीएसआर जैसे मद के सहयोग से तैयार कराने की कार्ययोजना बनाकर पूर्ण कराएं। बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आसान गवर्नेंस स्थापित करना है जिससे अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पहुंचे।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा के तहत जिले में मानव दिवस सृजन, सामग्री व्यय, लंबित भुगतान पर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आवास योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को पहुंचाना सुनिश्चित करने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया। मैनपाट में आवास योजना को लेकर मिल रही शिकायतों पर प्रभारी मंत्री ने कठोर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
पीएम किसान निधि, उर्वरकों की उपलब्धता, सरगुजा में उद्यानिकी, पशुपालन, रेशम और मत्स्यपालन की संभावनाओं पर विस्तृत दिशा निर्देश
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषि विभाग ज्यादा से ज्यादा किसानों को योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित करें। गांवों में सघन अभियान चलाकर शेष किसानों का पंजीयन कराएं। उन्होंने कहा कि आगामी 1 माह में अभियान चलाकर शत प्रतिशत वनाधिकार पत्र धारी किसानों को पीएम किसान निधि योजना से जोड़ें।
उन्होंने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की जानकारी लेते हुए कहा कि समितियों में उर्वरक की कमी ना हो, साथ ही किसी भी स्थिति में उर्वरक की कालाबाजारी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखें। जिले में पर्याप्त मात्रा में बीजों का भी भंडारण रहे और वितरण समय पर हो। उन्होंने समय की मांग के अनुरूप जिले में मिलेट के रकबा वृद्धि की जानकारी और मिलेट उत्पादन सहित सनई और ढेंचा आदि के उत्पादन को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
इसी तरह उद्यानिकी में उन्होंने कहा कि सरगुजा के अनुकूल वातावरण के कारण यहां उद्यानिकी फसलों के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। रिसर्च करके किसानों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराएं। सरगुजा में स्ट्राबेरी के अच्छे उत्पादन से किसानों को ज्यादा लाभ मिलने की पहल की सराहना की और मैनपाट में लीची के विभिन्न वैरायटी बॉम्बे अर्ली आदि के उत्पादन हेतु प्रयास के निर्देश दिए।
पशुपालन में कृत्रिम गर्भाधान की नई तकनीकों और बेहतर नस्लों के उपयोग की पहल प्रदेश में सरगुजा में सबसे पहले की गई है, जो पशुपालकों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। प्रभारी मंत्री ने इस पहल की भी प्रशंसा की और इसके साथ लखपति दीदी योजना, रेशम उत्पादन और ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।






💬 पाठकों की राय (0)
सभ्य भाषा का प्रयोग करें।