PMGSY road: अंबिकापुर ब्लॉक के ग्राम कुल्हाड़ी से सरगवां तक चल रहे निर्माण कार्य से गुणवत्ता गायब, सडक़ निर्माण में न तो तय मापदंड का किया जा रहा पालन और न हीं सामग्री का
अंबिकापुर. PMGSY road: प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में बनाई जा रही सडक़ों के निर्माण में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। विभाग के अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत से गुणवत्ताविहीन सडक़ का निर्माण कर शासन को करोड़ों रुपए का चूना लगाया जा रहा है। इसके बावजूद सभी ने चुप्पी साध रखी है। कमीशनखोरी के चक्कर में कोई कार्रवाई अथवा जांच नहीं हो रही है। अंबिकापुर ब्लॉक के ग्राम कुल्हाड़ी से सरगवां तक पीएमजीएसवाई के तहत सडक़ का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कंपनी के ठेकेदार द्वारा सडक़ रात के अंधेरे में सडक़ बनाई जा रही है, ताकि मनमानी व भ्रष्टाचार पर कोई नकेल न लगा सके।

अंबिकापुर ब्लॉक के ग्राम कुल्हाड़ी से सरगवां मुख्य मार्ग तक करीब 6 किलोमीटर की सडक़ प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के तहत कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर रात के अंधेरे में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सडक़ बनने के साथ ही पीछे से उखडनी शुरू हो गई है।
यह विभाग व ठेकेदार की मिलीभगत है। लोगोंं का आरोप है कि दिन में सडक़ निर्माण काम नहीं कराया जा रहा है। घटिया स्तर का निर्माण रात के अंधेरे में कराया जा रहा है, ताकि लोगों की नजर से बच सके।
लोगों का कहना है कि सडक़ों के निर्माण में मापदंडों और गुणवत्ता का कहीं भी ख्याल नहीं रखा गया है। जीएसबी और डब्ल्यूबीएम लेयर का कही अता-पता नहीं है। मैटेरियल के इस्तेमाल में भी तय मापदंड नहीं अपनाए गए हैं।
रात के अंधेरे में कराया जा रहा काम
स्तरहीन निर्माण का पता न चल सके इसलिए विभाग की मिली भगत से ठेेकेदार द्वारा रात के अंधेरे में काम कराया जा रहा है। मौके पर न तो इंजीनियर रहते हैं और न ही ठेकेदार की मौजूदगी। केवल मजदूरों के भरोसे करोड़ों की सडक़ का घटिया काम अंधेरे का फायदा उठाकर कराया जा रहा है।





💬 पाठकों की राय (0)
सभ्य भाषा का प्रयोग करें।